
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) गुरुकुल एकेडमी, पलिया खीरी के लिए अत्यंत हर्ष व गर्व का विषय है कि विद्यालय के पूर्व छात्र सुयश शुक्ला का केंद्रीय आयुर्वैदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित SPARK( Student Program for Ayurveda Research Ken) प्रतियोगिता में चयन हुआ है।
वर्तमान में आर जी एस मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर, लखनऊ में बी ए एम एस द्वितीय वर्ष के छात्र सुयश शुक्ला ने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और शोध के प्रति समर्पण से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। इस सफलता ने सुयश के माता-पिता गुरु जनों व विद्यालय को गौरवान्वित किया है। सुयश के विद्यालयी शिक्षकों के अनुसार वह शुरू से ही मेधावी व अनुशासित छात्र रहा है।
छात्र सुयश के अनुसार कक्षा 12 तक छात्र जीवन में ही बच्चों की ज्ञान रूपी नींव मजबूत हो जाती हैं। आगे की कक्षाओं में परिश्रम कर बच्चों को अपनी बेसिक नॉलेज को निखारना होता है तथा उसका विस्तृत रूप पढ़ना होता है। अतः वह अपनी सफलता के लिए अपने सभी गुरुओं व माता-पिता के आशीर्वाद तथा कठिन परिश्रम को श्रेय देते हैं।
विद्यालय प्रबंधक मुकेश अग्रवाल व अध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ला ने सुयश व उसके माता-पिता को बधाई देते हुए सुयश के उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को ऐसे बच्चों से प्रेरणा लेने तथा उच्च लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
