(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 06 फरवरी। राज्य सूचना आयुक्त पदुम नारायण द्विवेदी ने शुक्रवार को लखीमपुर खीरी पहुंचकर कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जनपद के जन सूचना अधिकारी और प्रथम अपील अधिकारी के साथ सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत लंबित अपीलों और शिकायतों की समीक्षा की। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बैठक का सफल संयोजन किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य सूचना आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जन सूचना अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर अवश्य कार्यालय के प्रवेश द्वार पर अंकित होना चाहिए, ताकि आम जनता आसानी से संपर्क कर सके।

आयुक्त ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे न केवल विभागीय कार्यों की बैठक आयोजित करें बल्कि सूचना के अधिकार के तहत लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा भी करें, ताकि जनपद में लंबित मामलों की समस्या खत्म हो।

बैठक में आयुक्त ने यह भी जाना कि अधिकारी सूचना प्रदान करने में किन कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और उनके समाधान के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। बैठक के अंत में उन्होंने अधिकारियों को यह संदेश दिया कि जनता के अधिकारों के संरक्षण में किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। बैठक के अंत में एडीएम ने राज्य सूचना आयुक्त के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि आज की बैठक में जो दिशा निर्देश प्राप्त हुए उनका अक्षरशः अनुपालन कराया जाएगा।

इस अवसर पर एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे, एएसपी पश्चिमी, मुख्य कोषाधिकारी अमित कुमार राय, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह सहित प्रथम अपीलीय अधिकारी और सभी जन सूचना अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed