पलिया कलां (खीरी)सम्पूर्णानगर रेंज की सिंगाही खुर्द बीट के अर्न्तगत ग्राम सिंगाही खुर्द में एक तेन्दुआ वन क्षेत्र की सीमा से बाहर निकलकर काश्तकारी क्षेत्र में आ गया था, जिसको सुरक्षित रेस्क्यू किये जाने हेतु तेन्दुआ प्रभावित क्षेत्र में पिंजडा लगवाकर विशेष निगरानी की जा रही थी। दिनाँक 18.11.2025 को समय लगभग रात्रि 06:30 PM बजे जी०पी०एस० रीडिंग N28 34 56.0, E80 24 17.0 पर लगे पिंजड़े में एक मादा तेन्दुआ कैद हो गया। तेन्दुआ के पिंजड़े में कैद होने की सूचना प्राप्त होने पर क्षेत्रीय वन अधिकारी, सम्पूर्णानगर व सम्बन्धित रेंज स्टाफ द्वारा मौके का स्थलीय निरीक्षण किया गया। क्षेत्रीय वन अधिकारी, सम्पूर्णानगर व वनकर्मियों की देख रेख में पिंजड़े में कैद हुए मादा तेन्दुआ को सुरक्षित रेंज परिसर सम्पूर्णानगर लाया गया। डा० दयाशंकर, पशुचिकित्सक, बफर जोन, दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, लखीमपुर खीरी द्वारा तेन्दुआ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण रिपोर्ट में मादा तेन्दुआ अपने प्राकृतवास में अवमुक्त किये जाने हेतु उपयुक्त पाया गया। उच्च अधिकारियों से दिशा निर्देश प्राप्त होने के उपरान्त मादा तेन्दुआ को उसके प्राकृतवास में अवमुक्त किये जाने हेतु नियमानुसार अग्रिम अग्रेत्तर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी । यह जानकारी उपनिदेशक दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन / प्रभागीय वनाधिकारी उत्तर खीरी वन प्रभाग ने दी।