

(ओम प्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां(खीरी) लखीमपुर खीरी, 12 सितंबर। सरजू सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड, बेलरायां की 12वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक शुक्रवार को डीएम व मिल अध्यक्ष दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में हुई। विधायक शशांक वर्मा और एसपी संकल्प शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन प्रधान प्रबंधक राजेश कुमार ने किया।
पिछली कार्यवाही की पुष्टि के बाद गन्ना पेराई सत्र 2024-25 व 2025-26 के लिए गन्ना क्षेत्र के सुरक्षित करने और अर्भ्यपण से जुड़े अहम प्रस्तावों पर मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने सभी किसानों व मिल से जुड़े साथियों का धन्यवाद किया। गन्ना पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 को सफल बनाने के लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा। किसानों को समय पर भुगतान, गन्ना क्षेत्र की सुरक्षा और पारदर्शी खरीद हमारी पहली प्राथमिकता है। आपके सुझावों से ही मिल का कामकाज और बेहतर होगा। विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि आपसे प्राप्त सुझावों पर विचार विमर्श करते हुए अमल किया जाएगा।
गन्ना आयुक्त के निर्देशों के तहत क्रयकेन्द्रों के पुनर्गठन पर भी निर्णय लिया गया। प्रस्तावों के अनुसार क्रयकेन्द्र कुर्मिनपुरवा से आबद्ध ग्राम मोल्हेपुरवा, मिठुई व मटहिया को क्रयकेन्द्र झण्डी से जोड़े जाने, बजाज शुगर मिल पलियाकलां को गतवर्ष अभ्यर्पित 7 में से 6 क्रयकेन्द्र यथावत रखने व 1 क्रयकेन्द्र दुबहा को चीनी मिल गुलरिया में अभ्यर्पित करने पर विचार हुआ। इसी तरह बलरामपुर चीनी मिल गुलरिया को गत वर्ष अभ्यर्पित 17 क्रयकेन्द्रों को बनाए रखने तथा 1 क्रयकेन्द्र दुबहा को पलिया से गुलरिया में अभ्यर्पित करने का प्रस्ताव रखा गया। गोविन्द शुगर मिल ऐरा को गत वर्ष अभ्यर्पित 9 क्रयकेन्द्रों को यथावत रखने और बीएचएल खम्भारखेड़ा को गत वर्ष अभ्यर्पित 2 क्रयकेन्द्र (ढखेरवा चौराहा प्रथम व द्वितीय/कुसहा) को सरजू सहकारी चीनी मिल्स बेलरायां में सुरक्षित करने पर भी चर्चा हुई।
पेराई सत्र 2025-26 के लिए 30 सितंबर तक नये व वारिस सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया। अब तक 11 सितंबर तक 150 नये सदस्य बनाए जा चुके हैं और 7 कृषकों की सदस्यता प्रक्रिया पूरी की गई है। नाबार्ड योजना के तहत आगामी 3 वर्षों के लिए नई ऋण सीमा स्वीकृति और वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संघ कार्यालय से प्राप्त बजट अनुमोदन पर भी सहमति बनी।
बैठक में विधायक शशांक वर्मा, एसपी संकल्प शर्मा, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष सुच्चा सिंह, डीसीओ वेद प्रकाश सिंह, सीसीओ त्रिलोकी सिंह, मुख्य अभियंता राजेंद्र कुमार, मुख्य लेखाकार भुवनेश कुमार, मुख्य रसायनविद राज बहादुर समेत चीनी मिल के पदाधिकारी और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
