(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 13 अगस्त। “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पंचायती राज विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और सीडीओ अभिषेक कुमार ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस मौके पर एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम अनिल रस्तोगी, पीडी एसएन चौरसिया, एसओसी संजय आनंद और डीपीआरओ विशाल सिंह मौजूद रहे। रैली कलेक्ट्रेट से शुरू होकर गुरु गोविंद सिंह चौक, जीआईसी, विलोबी मार्ग होते हुए वापस कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर बाइक सवार तिरंगे लहराते हुए देशभक्ति के नारे लगाते रहे। खास बात यह रही कि सभी बाइक सवार और पीछे बैठे कार्मिक हेलमेट पहने हुए थे, जिससे रैली ने देशभक्ति के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का भी सशक्त संदेश दिया।

*तिरंगा सम्मान, एकता और बलिदान का प्रतीक : डीएम*
रैली को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की पहचान ही नहीं, बल्कि सम्मान, एकता और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ केवल झंडा फहराने का नहीं, बल्कि देशभक्ति को गहराने का अवसर है। उन्होंने सभी से 13 से 15 अगस्त के बीच घर, संस्थान और कार्यस्थल पर तिरंगा लगाकर इसे जन-जन का उत्सव बनाने की अपील की।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि आज की यह यात्रा केवल बाइक रैली नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारी आस्था और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हम सभी को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाना चाहिए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *