
।विधायक रोमी साहनी से गुहार लगाते छात्र-छात्राएं एवं उनके परिजन ।
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी )
संपूर्णा नगर थाना क्षेत्र में एक पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के संचालक पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप है। प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने ‘दिव्य पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट’ नाम से संस्थान खोला था। उन्होंने मेडिकल कोर्स कराने के नाम पर छात्र-छात्राओं से मोटी रकम वसूली।
फीस लेने के बावजूद छात्रों को न तो मेडिकल सर्टिफिकेट मिले और न ही डिग्री। संस्थान को बंद कर प्रेम प्रकाश वहां से फरार हो गए।छात्रों ने संस्थान मालिक से संपर्क किया पर उसने किसी की बात नहीं सुनी।
परेशान छात्र-छात्राओं ने अभिभावकों के साथ स्थानीय भाजपा विधायक रोमी साहनी से मुलाकात की। जानकारी मिलते ही विधायक तत्काल संपूर्णानगर थाने पहुंचे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से प्रेम प्रकाश कुशवाहा पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
विधायक रोमी साहनी ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी दल का हो, उनसे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा, “उसने बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश की है। मैं उस पर सख्त कार्रवाई करवाऊंगा, जिससे आगे कोई ऐसी घटना न घटित हो।
सैकड़ों छात्र इस धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं। अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चों ने मेडिकल शिक्षा पाने के लिए इस संस्थान में दाखिला लिया था, लेकिन अब उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। प्रशासन से मांग की गई है कि दोषी संचालक को जल्द पकड़कर छात्रों की फीस वापस दिलाई जाए।
