



(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी ) “ग्लोबल टाइगर डे” के अवसर पर विगत वर्षों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा है। इस वर्ष भी विश्व बाघ दिवस के अवसर के उपलक्ष में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। इसी कड़ी में आज दिनांक 27 जुलाई 2025 को पूर्वाह्न में 8:00 बजे दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग पलिया खीरी की समस्त रेंजों में लॉन्ग पेट्रोलिंग का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक रेंज में इस हेतु गठित टीमों द्वारा निरंतर 24 घंटे एम स्ट्राइप्स की सहायता से गस्त की जाएगी जिसकी समीक्षा/मॉनिटरिंग उच्च स्तरीय अधिकारी क्षेत्रीय वन अधिकारी, उप प्रभागीय वन अधिकारी, वन्य जीव प्रतिपालक स्वयं उपनिदेशक दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग पलिया खीरी द्वारा की जाएगी। मानसून पेट्रोलिंग हेतु प्रभागीय स्तर से गठित गश्ती दल द्वारा भी ग्लोबल टाइगर डे के उपलक्ष्य में प्रस्तावित लांग पेट्रोलिंग का शुभारंभ दुधवा पर्यटन परिसर से किया गया, जिसे जगदीश आर0 उपनिदेशक दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग पलिया खीरी के निर्देशन में महावीर सिंह वन्य जीव प्रतिपालक दुधवा द्वारा हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ कराया गया। यह लॉन्ग पेट्रोलिंग आज सुबह 8:00 बजे से प्रारंभ होकर कल सुबह 8:00 बजे समाप्त होगी। इस लांग पेट्रोलिंग का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की शान एक मात्र राष्ट्रीय उद्यान दुधवा की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देना है।
