(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी) लखीमपुर खीरी 08 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण को समर्पित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के थीम पर वृक्षारोपण जन अभियान-2025 के तहत 09 जुलाई को जनपद खीरी में 96,75,100 पौधे रोपे जाएंगे। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पौधरोपण के उद्देश्य से मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जनपदीय नोडल अधिकारी एवं सचिव वित्त विभाग मिनिस्ती एस ने की।
बैठक की अभियान की नोडल अधिकारी के जनपद आगमन पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद नोडल ने उपस्थित अधिकारियों का परिचय प्राप्त किया और अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा की।
बैठक की शुरुआत में डीएफओ संजय विश्वाल ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासन द्वारा जनपद को 96.75 लाख पौधों का लक्ष्य दिया गया है, जो एक ही दिन यानी 09 जुलाई को रोपित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गड्ढा खुदाई, नर्सरी की तैयारी, पौध आपूर्ति, प्रजाति चयन, कंट्रोल व वार रूम की स्थापना, मॉनिटरिंग सिस्टम समेत सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
नोडल ने विभागवार अफसरों से एक-एक कर पौधरोपण अभियान के संबंध में तैयारियां जानी। इसमे सभी की सहभागिता जरूरी है। सभी को प्रयास करना होगा। एक पेड़ माँ के नाम थीम पर आयोजित महा अभियान से जन-जन को जोड़ने की आवश्यकता है। जनपदीय अधिकारी लीडरशिप लेकर सुबह से शाम तक अलर्ट रहकर पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा कराएं। अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ साथ आमजन की सहभागिता सुनिश्चित कराएं। पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही उसका संरक्षण आवश्यक है। प्रत्येक वृक्षारोपण स्थल का जियो टैग किया जाए।
नोडल अधिकारी ने कहा कि जन अभियान -2025 के साक्षी बनें। बैठक के दौरान अधीनस्थो को निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार शतप्रतिशत वृक्षारोपण किया जाना जरूरी है और इसी के चलते सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जायें।
बैठक में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने वृक्षारोपण की तैयारियों पर जनपद स्तर पर की तैयारियों एवं उसकी समीक्षा की विस्तृत जानकारी दी। जिले में पौधरोपण के लिए किए गए विशेष प्रयासों का जिक्र भी किया। कहा कि आज की बैठक में जो भी दिशा निर्देश दिए गए उनका पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर सीडीओ अभिषेक कुमार, डीएफओ (दक्षिणी) संजय विश्वल, डीएफओ (उत्तरी) सौरीश सहाय, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
*27 विभागों द्वारा लगाए जाएंगे कुल 96.75 लाख पौधे : डीएफओ*
डीएफओ संजय विश्वाल ने बताया कि 09 जुलाई को रोपित किए जाने वाले पौधों का लक्ष्य की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम्य विकास 41,88,000, वन 20,95,000, कृषि 13,32,000, पंचायतीराज 4,27,000 राजस्व 3,52,000, उद्यान 5,19,000, बेसिक शिक्षा 49,500, माध्यमिक शिक्षा 39,300,
पर्यावरण 2,69000, नगर विकास 61,800, रेशम 33,000, रेलवे 29,000, उच्च शिक्षा 44,200, सहकारिता 23,200, स्वास्थ्य 24,000, जल शक्ति 29,800, लोक निर्माण 26,000, पशुपालन 17,800, उद्योग 20,100, औद्योगिक विकास 21,300, प्राविधिक शिक्षा 15,200, ऊर्जा 13,900, रक्षा 8,000, गृह 16,800, श्रम 5,400, परिवहन 4,000,आवास विकास 10,800 पौध रोपित किए जाएंगे।
*पौधारोपण अभियान में शामिल होंगे गो सेवा आयोग के अध्यक्ष*
बुधवार को जिले में आयोजित पौधारोपण अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में शासन से नामित गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता शामिल होंगे। जनपदीय नोडल अधिकारी सचिव वित्त विभाग मिनिस्ती एस सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, डीएम,एसपी, सीडीओ व जनसामान्य शामिल होकर न केवल पौधारोपण करेंगे, बल्कि अन्य लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
*हरियाली के हीरो हुए सम्मानित*
*वृक्षारोपण महाअभियान में योगदान देने वाले समाजसेवीं सम्मानित*
नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व एसपी संकल्प शर्मा ने संयुक्त रूप से समाजसेवी विशाल सेठ, राम मोहन गुप्ता, मयूरी नागर, कुमकुम गुप्ता, रश्मि महेंद्रा, सपना कक्कड़, पूजा सिंह चौहान, सुमन श्रीवास्तव व मधुलिका त्रिपाठी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।