(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी) लखीमपुर खीरी खेती के इस संवेदनशील मौसम में यूरिया की मांग बढ़ने पर प्रशासन ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की है। सीडीओ अभिषेक कुमार के सतत प्रयास रंग लाए हैं। दो दिनों के भीतर जनपद को लगातार दूसरी यूरिया रैक मिली है, वहीं सीतापुर के लिए आई रैक से भी खीरी के किसानों के लिए 1300 मीट्रिक टन उर्वरक आरक्षित कराया गया है।
*प्रशासन ने संभाला मोर्चा, समितियों को तेजी से हो रहा प्रेषण*
शुक्रवार शाम को जनपद को गोला में क्रभको की 2640 एमटी यूरिया रैक प्राप्त हुई, जिसे तत्काल सहकारी समितियों (बी-पैक्स), अन्य सहकारी समितियों व गन्ना समितियों को भेजा जा रहा है। इसमें 2268 एमटी उर्वरक बी-पैक्स व अन्य समितियों को तथा 300 एमटी गन्ना समितियों को भेजी जा रही है।
*रात में पहुंचेगी खाद की बड़ी खेप*
सीडीओ अभिषेक कुमार के प्रयासों से रविवार देर रात जिले को 2674 मीट्रिक टन इफको यूरिया रैक प्राप्त हो रही है। इसके वितरण की पूर्व तैयारी पूरी कर ली गई है और समितियों को तत्काल प्रेषण सुनिश्चित किया जा जाएगा।
*सीतापुर की रैक से भी मिली राहत*
इसके अतिरिक्त, सीतापुर में आ रही यूरिया रैक से लखीमपुर खीरी को करीब 1300 मीट्रिक टन यूरिया का आवंटन मिला है। यह खाद बी पैक्स सहकारी समितियों के जरिए किसानों तक पहुंचाई जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी क्षेत्र में खाद की कमी न हो और सभी किसान समय पर उर्वरक प्राप्त कर सकें।
*खाद की कोई कमी नहीं, कृपया न करें अनावश्यक संग्रह : सीडीओ*
सीडीओ अभिषेक कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे खाद की जरूरत के अनुसार ही खरीद करें। सभी समितियों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में किसान अनावश्यक भंडारण से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी किसान को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी।
