(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां-( खीरी)लखीमपुर खीरी 02 जुलाई। जिलेभर में संचालित परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से तीन तक की कक्षाओं की पाठ्य पुस्तको का बुधवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने अफसरों की टीम संग सत्यापन किया। उन्होंने किताबों का भौतिक सत्यापन कर वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि अगले दो दिनों के भीतर सभी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों का वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों के पठन-पाठन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि अगर पुस्तकों की सप्लाई समयबद्ध रूप से नहीं हुई तो जवाबदेही तय की जाएगी। सीडीओ ने कहा कि शैक्षणिक सत्र की सुचारू शुरुआत के लिए किताबों की समय से आपूर्ति आवश्यक है। उन्होंने बीएसए को निर्देशित किया कि वितरण के उपरांत उसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।
सत्यापन के दौरान उपायुक्त उद्योग उज्जवल सिंह, बीएसए प्रवीण तिवारी और डीपीआरओ विशाल सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने गोदाम से लेकर विद्यालय तक पुस्तक वितरण की प्रक्रिया का जायजा लिया।
